मुंबई - फिल्म पी.के का पहला लुक रिलीज़ हुआ जिसमें आमिर के शरीर पर कपड़े के नाम पर कुछ नहीं है। यह पोस्टर बड़ा ही हैरान करने वाला है और मीडिया में तेज़ी से वायरल हो रहा है। लेकिन अब इस पर प्रतिक्रिया स्वरूप एक वकील ने इसे अश्लील पोस्टर कहते हुए केस फाइल किया है।
वकील ने कहा कि फिल्म का ये पोस्टर अखबारों में पूरे पेज पर छपा। यह देखने में बड़ा ही भद्दा है। अख़बार करोड़ों लोगों सहित बच्चों और बुजुर्गों तक पहुंचता है। यह बड़ा ही शर्मनाक है। वकील ने आगे कहा कि फिल्म के पोस्टर यौन हिंसा को बढ़ावा देने वाले हैं। यह अश्लीलता और फूहड़पन को प्रोत्साहित करने जैसा है। केस आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की धारा 292 के तहत अतिरिक्त सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर हो चुका है और सुनवाई की अगली तारीख 7 अगस्त निर्धारित की है।
बता दें कि पी.के राजकुमार हिरानी की फिल्म है जिसमें आमिर के साथ अनुष्का शर्मा और सुशांत सिंह राजपूत भी हैं। फिल्म इस साल 19 दिसंबर को रिलीज होगी।