सिडनी - सिडनी में आज एशेज के पांचवें क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन आस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ और बैड हैडिन ने मेहमान टीम इंग्लैंड के गेंदबाजों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले ही श्रंखला में 0-4 से पिछड़ रही और क्लीन स्वीप होने के करीब खड़ी इंग्लैंड टीम के लिए सिडनी में भी हालात नहीं बदले । मैच के पहले दिन उनकी शुरुआत तो अच्छी रही लेकिन फिर स्मिथ और हैडिन ने उनके गेंदबाजों को जमकर पीटा।
मैच के पहले दिन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फीिल्डग करने का फैसला किया और एक हद तक उनका ये फैसला सही साबित होता भी दिखा। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत में शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम का शीर्ष क्रम ध्वस्त कर दिया और 18 रन के अंदर 5 कंगारू बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। फिर शुरू हुआ स्मिथ और हैडिन का प्रहार। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया।
इसके बाद हैडिन तो 90 गेंदों पर धुआंधार 75 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन स्मिथ जमे रहे और सीरीज में अपना दूसरा शतक पूरा किया।