जयपुर - रोहित शर्मा और शिखर धवन की शानदार ओपनिंग के बाद विराट कोहली के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत टीम इंडिया ने वनडे मैचों की सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली। एसएमएस स्टेडियम में इतिहास बनाते हुए टीम इंडिया ने 360 रनों के लक्ष्य को 6.3 ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। वनडे इतिहास में यह दूसरा सबसे बड़ा रन चेस है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने साल 2006 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 438 रन चेस किए थे। रोहित 141और विराट 100 रनों पर नॉटआउट रहे। टीम इंडिया की जीत में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़े। वहीं शिखर धवन केवल पांच रन से शतक चूक गए। विराट ने तो यह शतक केवल 52 गेंदों पर लगाया। इस तरह वे वनडे इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हो गए। इससे पहले टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए कंगारुओं ने 5 विकेट के नुकसान पर 359 रन बनाए। कप्तान जॉर्ज बैली 92 रन बनाकर नाबाद रहे। 7 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रहे मेजबान ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे वनडे में 5 बल्लेबाजों ने हाफ सेंचुरी लगाईं। वनडे इतिहास में यह दूसरा मौका है जब एक पारी में 5 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए हैं ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान जॉर्ज बैली ने नाबाद 92 रन बनाए। ह्यूग्स ने 83, वाटसन ने 59, मैक्सवेल ने 53 और फिंच ने 50 रन का योगदान दिया। टीम इंडिया के लिए विनय कुमार ने 2 और आर अश्विन ने 1 विकेट झटका।