ग़ज़ल की मलिका बेगम अख्तर की अमर संगीत विरासत को समर्पित एक यादगार संगीतमय संध्या 'शाम-ए-अख्तरी' का आयोजन 18 जुलाई को मुंबई के प्रभादेवी स्थित पी. एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी (रवींद्र नाट्य मंदिर मिनी थिएटर) में किया जाएगा।
इस विशेष कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात गायिका डॉ. सोमा घोष अपनी भावपूर्ण और सुरमयी प्रस्तुति के जरिए बेगम अख्तर की कालजयी ग़ज़लों को नई संवेदना के साथ जीवंत करेंगी। संगीत प्रेमियों के लिए यह शाम केवल बेहतरीन ग़ज़लों का आनंद लेने का अवसर नहीं होगी, बल्कि भारतीय ग़ज़ल परंपरा की समृद्ध विरासत से रूबरू होने का भी अनूठा अनुभव बनेगी।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रो. शुभांकर घोष द्वारा निर्मित बेगम अख्तर के जीवन, संघर्ष और संगीत-साधना पर आधारित विशेष फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। Madhu Murchhana के इस वार्षिक आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को बेगम अख्तर की सांगीतिक धरोहर से जोड़ना है। IOC (इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के टिकट BookMyShow पर उपलब्ध हैं।