मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय सिनेमा में जब भी मिथोलॉजी, रहस्य और एडवेंचर का मेल बड़े पैमाने पर देखने को मिलता है, तो दर्शकों की उत्सुकता अपने आप बढ़ जाती है। इसी कड़ी में पैन इंडिया फिल्म ‘नागाबंधम’ का हाल ही में लॉन्च हुआ ट्रेलर चर्चा का विषय बन गया है। रहस्यमयी नाग, दुर्लभ ब्रह्मकमलम, छिपे खजाने और पौराणिक संकेतों से सजा यह ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जहां हर दृश्य के पीछे कोई न कोई रहस्य छिपा नजर आता है।
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी नगर और एक दुर्लभ पुष्प की कथा से होती है। जैसे ही “ब्रह्मकमलम” का उल्लेख होता है, कहानी रोमांचक मोड़ लेती है और उसकी रक्षा करता एक रहस्यमयी नाग दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा देता है। इसके बाद अघोरी, सर्प, सेना, पुजारी, राजा और छिपे खजानों की झलकियां फिल्म के विशाल कैनवास का परिचय कराती हैं। महेश मांजरेकर का प्रभावशाली पुजारी अवतार और भगवान शिव से प्रेरित दिव्य दृश्य ट्रेलर को आध्यात्मिक गहराई भी प्रदान करते हैं।
फिल्म की निर्माता निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी कहते हैं, “नागाबंधम हमारे लिए बेहद खास प्रोजेक्ट है। हमारी कोशिश रही है कि मिथोलॉजी और रहस्य को बड़े स्केल पर दर्शकों तक पहुंचाया जाए। फिल्म का हर पहलू पैशन और बारीकी से तैयार किया गया है ताकि दर्शकों को एक विजुअली रिच और इमोशनल अनुभव मिल सके।” वहीं निर्देशक अभिषेक नामा का मानना है, “नागाबंधम दर्शकों को रहस्य, एडवेंचर और भावनाओं से भरी एक अलग दुनिया में ले जाएगी। ट्रेलर सिर्फ एक झलक है, फिल्म में अभी कई बड़े सरप्राइज बाकी हैं।” करीब साढ़े तीन मिनट का यह ट्रेलर संकेत देता है कि ‘नागाबंधम’ इस वर्ष की सबसे चर्चित मिथोलॉजिकल एक्शन-एडवेंचर फिल्मों में अपनी मजबूत पहचान बना सकती है।