मुंबई (अनिल बेदाग): मनोरंजन जगत में कुछ किरदार कलाकारों के करियर की दिशा बदल देते हैं, और मुनव्वर फारुकी के लिए ‘फर्स्ट कॉपी’ ऐसा ही एक पड़ाव साबित हुई। 20 जून 2025 को रिलीज़ हुई इस क्राइम थ्रिलर ने दर्शकों को मुनव्वर का एक नया और अनदेखा रूप दिखाया। कॉमेडी और शायरी से पहचान बनाने वाले मुनव्वर ने इस सीरीज़ में आरिफ का किरदार निभाकर साबित किया कि वे अभिनय की दुनिया में भी अपनी मजबूत जगह बना सकते हैं।
90 के दशक की मुंबई और वीडियो पाइरेसी की दिलचस्प पृष्ठभूमि पर आधारित ‘फर्स्ट कॉपी’ ने दर्शकों को रोमांच, संघर्ष और महत्वाकांक्षा से भरी कहानी से जोड़े रखा। आरिफ के किरदार में मुनव्वर ने एक ऐसे युवक की कहानी को जीवंत किया जो अपनी किस्मत बदलने के लिए हर चुनौती का सामना करता है।
शो की पहली सालगिरह पर मुनव्वर ने इसे अपने करियर का बेहद खास अध्याय बताते हुए दर्शकों के प्यार और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रिलीज़ से पहले वे काफी नर्वस थे, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। एक साल बाद भी ‘फर्स्ट कॉपी’ सिर्फ एक सफल शो नहीं, बल्कि मुनव्वर फारुकी के अभिनय सफर की मजबूत नींव के रूप में याद की जा रही है।