आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस को हराने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत राजस्थान रायल्स बुधवार को चैम्पियंस लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए के लीग मैच में हाइवेल्ड लायंस से भिड़ेगी तो उसका इरादा जीत की लय कायम रखने का होगा। सवाई मानसिंह स्टेडियम को अभेद किला बनाने वाले रायल्स आईपीएल छह से लेकर अब तक लगातार नौ मैच यहां जीत चुके हैं। कप्तान राहुल द्रविड़ ने हाल ही में कहा था, ''यहां का विकेट हमें रास आता है क्योंकि हमारे पास स्ट्रोक्स खेलने वाले बल्लेबाज हैं। गेंदबाजों को भी पता है कि कहां गेंद डालनी है।’’ स्पाट फिक्सिंग विवाद को भुलाकर उतरी मेजबान टीम का पलड़ा बुधवार को दक्षिण अफ्रीकी टीम पर भारी होगा। पर्थ स्क्रोचर्स के खिलाफ अहमदाबाद में लायंस का पहला र्मैच बारिश में धुल गया था। लायंस के कप्तान अल्विरो पीटरसन ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था कि झमाझम बारिश के कारण मैच रद्द हो गया। मेहमान टीम ने यहां एक सप्ताह काफी अभ्यास किया है। मुंबई के खिलाफ राहुल द्रविड़ की टीम ने कोई गलती नहीं की और वे इस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। संजू सैमसन समेत सभी बल्लेबाजों ने अच्छा योगदान दिया। शेन वाटसन और स्टुअर्ट बिन्नी ने भी अपना फार्म बरकरार रखा।
ब्राड हाज, अशोक मेनारिया और केविन कूपर ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। राजस्थान बुधवार को युवा हरमीत सिंह या अनुभवी प्रवीण ताम्बे को उतार सकता है। दूसरी ओर लायंस ने रैम स्लैम टी20 चैलेंज जीतकर चैम्पियंस लीग के लिये क्वालीफाई किया। उसके आक्रमण की जिम्मेदारी गेंदबाजों पर होगी। उसके पास सोहेल तनवीर और लोंवाबो सोटसोबे के रूप में अच्छे गेंदबाज हैं। बल्लेबाजी में जिम्मा किंटोन डि काक और नील मैकेंजी पर होगा।