मुंबई - विराट कोहली की अगुआई में भारत की 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम आज सुबह जिम्बाब्वे के लिए रवाना हो गई जहां वह मेजबान टीम के खिलाफ 24 जुलाई से पांच वनडे मैचों की श्रृंखला में हिस्सा लेगी। टीम प्रेरणादायी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बिना दौरे पर गई है जिन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने आराम दिया है। चयनकर्ताओं ने तीन तेज गेंदबाजों इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और उमेश यादव के अलावा स्पिनर आर अश्विन को भी आराम दिया है।
भारत तीन साल बाद जिम्बाब्वे का दौरा कर रहा है। जून 2010 में सुरेश रैना की अगुआई में भारत ने जिम्बाब्वे में त्रिकोणीय श्रृंखला में हिस्सा लिया था लेकिन फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा था।
भारत ने हालांकि त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल के तुरंत बाद हुई दो टी-20 मैचों की श्रृंखला में जिम्बाब्वे को 2-0 से हराया था। रैना के अलावा कोहली उप कप्तान के रूप में इस टीम का हिस्सा थे। मौजूदा टीम में शामिल रविंद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, रोहित शर्मा और आर विनय कुमार भी 2010 दौरे पर टीम के सदस्य थे।