नयी दिल्ली - विदेशों में दोनों कीमती धातुओं की चमक तेज होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर मांग कमजोर रहने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 75 रुपये गिरकर 26,550 रुपये प्रति दस ग्राम रहा और चांदी 590 रुपये फिसलकर 40140 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
लंदन से मिली जानकारी के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय कारोबार में सोना 0.3 फीसदी चढ़कर 1226.70 डालर प्रति औंस रहा। अमेरिका सोना वायदा 12.60 डालर चढ़कर 1225.10 डालर प्रति औंस बोला गया। विश्लेषकों का कहना है कि दो दिनों की गिरावट के कारण हुई लिवाली के बल पर कीमती धातुओं में तेजी दर्ज की गयी है। हालांकि अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डालर के नयी ऊंचाइयों पर पहुंचने से सोने में बढ़त पर ब्रेक लगा है। रोजगार के सकरात्मक आंकड़ों से फेडरल रिजर्व द्वारा राहत पैकेज वापस लेने के कयास भी लगाये जाने लगे हैं।