मुंबई - स्थानीय अदालत ने अपनी प्रेमिका और अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार सूरज पंचोली को आज 27 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सीमा जाधव ने उसकी पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध खारिज कर दिया। 21 वर्षीय सूरज अभिनेता आदित्य पंचोली और अभिनेत्री जरीना बहाव का पुत्र है।
ए के पंचराणे ने सूरज की पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि पुलिस को कथित तौर पर जिया द्वारा लिखे गए छह पृष्ठों के पत्र में ‘बलात्कार’ शब्द लिखा मिला है। उन्होंने कहा कि सूरज ने 25 वर्षीय जिया द्वारा भेजे गए एसएमएस को अपने मोबाइल फोन से हटा दिया और वे आत्महत्या के लिए उकसाए जाने के संबंध में भी इसकी जांच करना चाहते हैं।
इस मामले में सूरज को 10 जून को गिरफ्तार किया गया था और उसे 11 जून को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे आज तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।