नई दिल्ली - देश खासकर उत्तर भारत में पड़ रही जानलेवा गर्मी की वजह पाकिस्तान से आ रही गर्म हवाएं हैं। पड़ोसी देश के सिंध सूबे में भीषण गर्मी पड़ रही है और कुछ जगहों पर तो पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पड़ोसी देश के इन्हीं इलाकों से आ रहीं हवाओं ने भारत में पारे को चढ़ा दिया है। भीषण गर्मी की वजह से देश भर में मौतों का आंकड़ा 1100 को पार कर गया है। ज्यादातर मौतें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हुई हैं।
भारत में सबसे ज्यादा ओडिशा के औद्योगिक नगर अंगुल में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। देश के मौसम विभाग के डायरेक्टर बीपी यादव ने बताया कि वैसे तो मई महीने में तेज गर्मी पडऩा स्वाभाविक है, लेकिन इस बार पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आने वाली गर्म हवाओं का प्रकोप ज्यादा है। इसके कारण उत्तर भारत में गर्मी की चुभन बेहद महसूस हो रही है। सिंध में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा है। दिल्ली में सोमवार को तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा और यह पिछले 10 सालों में केवल दूसरा मौका था, जब तापमान ने 45 डिग्री पर पारा छुआ हो। पाकिस्तान के जलालाबाद में पारा 49 डिग्री पर थमा हुआ है।
इसके अलावा, पाकिस्तान के नवाबशाह जिले में भी तापमान 48-50 डिग्री चल रहा है। ये सिंध प्रांत के जिले हैं और यहीं से आने वाली हवाएं दिल्ली और उत्तर भारत को बुरी तरह झुलसा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 36 घंटों के दौरान ओडिशा, झारखंड और आंध्र प्रदेश में हीट वेब का खतरा सबसे ज्यादा रहेगा। इन राज्यों के अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी लू का कहर जारी रहने का अनुमान है। इन राज्यों के अलावा बाकी कुछ राज्यों में भी तेज गर्मी पड़ सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके कारण पारा ज्यादा नहीं बढ़ेगा।