नई दिल्ली - प्रचंड गर्मी पूरे देश में जारी है और दक्षिणी भारत में गर्मी सबसे ज्यादा कहर बरपा रही है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में झुलसाने वाली गर्म हवा चल रही है। इन दोनों राज्यों में पिछले तीन दिन में प्रचंड गर्मी से 370 लोगों की जान चली गई है। आंध्र प्रदेश में 188 और तेलंगाना में 182 लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू लगने से कम से कम चार लोगों ने दम तोड़ दिया। देश के कई हिस्सों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक चला गया।
आलम यह है कि देश के मशहूर हिल स्टेशन मसूरी में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेलंगाना के खम्मम जिला में 1947 के बाद सबसे अधिक 48 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। चिंता की बात यह है कि इस गर्मी से अभी निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के सेंट्रल, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान और अधिक बढ़ेगा। खास तौर पर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों में गर्मी और जानलेवा हो सकती है।
वहीं, लखनऊ में मौसम विभाग के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में विशेष बदलाव के कोई संकेत नहीं हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान बरेली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। आगरा में दिन का तापमान 45.5 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।